सरायअकिल कोतवाली के जयंतीपुर स्थित ईंट भट्ठे के पास शनिवार सुबह करारी-प्रयागराज मार्ग पर यात्रियों से खचाखच भरी प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों की चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में आठ लोगों को चोटें आई थीं, जिसमें एक महिला की हालत नाजुक होने पर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बाकी के अन्य घायल सीएचसी सरायअकिल में इलाज कराकर घर लौट गए। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद बस का चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला।
शनिवार सुबह करारी से एक प्राइवेट बस यात्रियों को बैठाकर प्रयागराज की तरफ जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मिनी बस में करीब 50 से ज्यादा लोग खचाखच भरे थे। बस जैसे ही जयंतीपुर स्थित ईंट भट्ठे के पास पहुंची तभी सामने चल रहे चार पहिया वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। र
फ्तार ज्यादा होने के कारण चालक का बस से नियंत्रण हट गया और वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। घटना के बाद में सवार लोग चीखने-चिल्लाने लगे। इस बीच राहगीरों की सूचना पर सरायअकिल के थानाध्यक्ष अनुपम शर्मा एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। बस में सवार सभी लोगों को बाहर निकाला गया।
जिसमें बदलेपुर की मीना देवी (35) पत्नी बलराम, हिसामपुर की गुलाफ़सा (35) पत्नी बबलू उमर, बरई बंधवा के मोबीन अहमद, फरीदपुर सवरों के दिव्यांश (16) पुत्र सुशील मिश्रा, महेंद्र गांव करारी के महेश कुमार (35), रक्सवारा कटरा के भग्गन (55), रामयश (54) और फरीदपुर संवरो के कृष्णकांत जख्मी हुए थे।
पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी सरायअकिल भेजा। यहां मीना देवी की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस बाबत थानाध्यक्ष का कहना है कि बस प्रयागराज के किसी व्यक्ति की बताई जा रही है। बस को कब्जे में ले लिया गया है। चालक घटना के बाद मौके से भाग निकला।