मंझनपुर कोतवाली के सामने सड़क किनारे खड़े वाहन। संवाद
चौराहे की पटरी पर दुकानदार और वाहनों का कब्जा बढ़ता जा रहा है। सड़क किनारे रेहड़ी, ठेला और दोपहिया वाहन खड़े रहने से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सुबह दफ्तर और स्कूल का समय हो या शाम का बाजार, हर वक्त चौराहा जाम से जूझता रहता है। पैदल चलने वालों को फुटपाथ पर अतिक्रमण होने के कारण सड़क के बीच से गुजरना पड़ता है। स्थानीय निवासी रामरूप ने बताया कि हर दिन चौराहे से निकलना होता है। सड़क की पटरियों पर ठेलिया दुकानदार कब्जा किए हुए है।
उनकी दुकान में जो ग्राहक सामान लेने आता है वह अपना वाहन सड़क पर ही खड़ा कर देता है जिससे लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी तरह सिराथू रोड निवासी विवेक ने बताया कि प्रशासन कार्रवाई तो करता है लेकिन दो-तीन दिन बाद फिर सब वैसा ही हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार की खानापूर्ति जैसी कार्रवाई से कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है।
नगर पालिका प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार अभियान चलाया गया लेकिन अभियान भी केवल फोटो तक ही सीमित रह जाता है। इस समस्या से परेशान लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की कि चौराहे पर स्थायी रूप से अतिक्रमण हटाया जाए और नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए।
नगर में यातायात सुचारू रखने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। दुकानदारों से अपील है कि सहयोग करें और चिह्नित जगह पर ही व्यापार करें। फिर भी अगर फुटपाथ पर अतिक्रमण हो रहा है। तो अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। - बीरेंद्र कुमार सरोज उर्फ फौजी, अध्यक्ष नगर पालिका