महेवाघाट पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के धंधे का भंडाफोड़ किया है। पंजाब से ट्रक पर शराब लादकर बिहार जाते समय पुलिस ने कौशाम्बी में ट्रक को पकड़ लिया। पकड़ी गई शराब की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है।
पंजाब के चंडीगढ़ से तस्करी कर अंग्रेजी शराब बिहार ले जाई जा रही है। महेवाघाट पुलिस ने शुक्रवार को शराब से भरा एक ट्रक धाता मोड़ से बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद शराब की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के मुताबिक दोपहर को मुखबिर की सूचना पर महेवाघाट थानाध्यक्ष ने हमराहियों के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस बीच चित्रकूट की ओर जा रहे एक ट्रक को शक के आधार पर रोका गया तो उसका चालक व एक अन्य व्यक्ति भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो 809 पेटी में 17292 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। पकड़े गए आरोपियों ने अपनी पहचान राजस्थान के बाड़मेर जनपद अंतर्गत सेढ़वा बामरला निवासी रमेश कुमार व पप्पू राम बताई।
विज्ञापन
पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिस को बताया कि वह राजस्थान के चंडीगढ़ से मेकडावेल नंबर वन व रॉयल चैलेंज ब्रांड की अंग्रेजी शराब लादकर चित्रकूट होते हुए रीवा व रांची के रास्ते बिहार ले जा रहे थे। आरोपियों के पास से पुलिस ने दो मोबाइल व पांच हजार रुपये भी बरामद किए। एसपी राजेश कुमार ने बताया कि बरामद शराब की अनुमानित लागत एक करोड़ से अधिक है। शराब पंजाब के मोहाली की निर्मित है। शराब की तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। प्रकरण में दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।