मंझनपुर। हूबलाल इंटर कालेज भरवारी में शुक्रवार को पहली पाली की परीक्षा में सामूहिक नकल होती मिली। बीएसए ने इस परीक्षा केंद्र के तीन कमरों से 14 परीक्षार्थियों को नकल सामाग्री के साथ धर दबोचा। उन्होंने इन सभी परीक्षार्थियों को रस्टीकेट कर दिया।
डीएम ने केंद्र व्यवस्थापक को ड्यूटी से हटा दिया है। साथ ही शुक्रवार को पहली पाली में हुई इंटरमीडिएट इतिहास प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा निरस्त करने और परीक्षा केंद्र को डिबार घोषित करने की संस्तुति बोर्ड को भेजी है। साथ ही डीएम ने इस केंद्र के स्टेटिक मजिस्ट्रेट क्रीडाधिकारी एमएच चौधरी से भी स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं शुक्रवार को एनडी, कस्तूरबा और नेशनल कालेज भरवारी से भी पांच नकलची पकड़े गए हैं।
नकलमंडी के रूप में कुख्यात कौशाम्बी में डीएम की जबरदस्त सख्ती के बाद भी कई परीक्षा केंद्रों में नकल रुक नहीं पा रही है। शुक्रवार को कुछ ऐसा ही खुलासा परीक्षा केंद्र हूबलाल इंटर कालेज भरवारी में हुआ। जहां शुक्रवार को पहली पाली में इंटरमीडिएट इतिहास प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा की जांच को पहुंचे बेसिक शिक्षा अधिकारी अशोक सिंह ने तीन कमरों से 14 परीक्षार्थियों के पास से नकल सामाग्री पकड़ी है।
बीएसए ने इन सभी छात्रों को रिस्टीकेट कर दिया है। साथ ही उन्होंने डीएम को इस परीक्षा केंद्र में सामूहिक नकल होने की सूचना दी। बीएसए की रिपोर्ट पर डीएम ने केंद्र व्यवस्थापक को तत्काल ड्यूटी से हटाकर वहां दूसरा केंद्र व्यवस्थापक तैनात कर दिया है। साथ ही शुक्रवार को पहली पाली में हुई इतिहास प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा निरस्त करने और केंद्र को काली सूची में डालने की संस्तुति बोर्ड को भेज दी है। वहीं शुक्रवार को जांच के दौरान एनडी स्कूल भरवारी में दो, नेशनल स्कूल भरवारी में दो और कस्तूरबा गांधी स्कूल भरवारी में एक परीक्षार्थी नकल करते मिला। सभी को रस्टीकेट कर दिया गया है।
बोर्ड परीक्षा केंद्र द्विवेदी महादेव प्रसाद बालिका इंटर कालेज यज्ञस्थल महिला में स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रूप में धुन्नीलाल वर्मा की ड्यूटी लगाई गई है। वे शुक्रवार को अपनी ड्यूटी पर तब पहुंचे, तो जब परीक्षा समाप्त होकर उत्तरपुस्तिकाएं सील की जा रही थी। डीएम ने इस लापरवाही पर गुस्सा जताते हुए स्टेटिक मजिस्ट्रेट से जवाब तलब किया है।