सिलिंडर में लीकेज से घर में लगी आग, हजारों का नुकसान
- दूध उबालते वक्त माचिस जलाते ही भड़क उठी थी आग
संवाद न्यूज एजेंसी
कल्यानपुर। सिराथू तहसील के टेढ़ीमोड़ अंदावां में दूध उबालने के दौरान रसोई गैस सिलिंडर में लीकेज की वजह से आग लग गई। मौके पर मौजूद गृहस्वामी की पत्नी ने शोर मचाया तो लोगों को जानकारी हुई। आग पर काबू पाया जाता, इससे पहले लपटों ने कमरे को अपनी आगोश में ले लिया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
अंदावां निवासी राजेश कुमार पटेल के मुताबिक बृहस्पतिवार को उसकी पत्नी मनोरमा रसोई गैस पर खाना बनाकर कमरे में पहुंची। दूध बचा होने के कारण कुछ देर बाद वह फिर से उसे उबालने गई। जैसे ही रेग्यूलेटर खोलकर उसने माचिस जलाई तभी आग ने पाइप तथा चूल्हे को चपेट में ले लिया।
मनोरमा शोर मचाते हुए बाहर भागी तो परिजन तथा मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। किसी तरह सिलिंडर को रेग्यूलेटर से अलग किया गया। लेकिन, तब तक आग कमरे तक पहुंच चुकी थी। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
घटना में कमरे में रखा इनवर्टर, बैट्री, मोबाइल, लैपटॉप, मिक्सी मशीन, कपड़े, राशन और छह हजार रुपये सहित काफी समान जल गए। राजेश ने शुक्रवार को क्षेत्रीय. लेखपाल को घटना की जानकारी दी।