कोखराज कोतवाली क्षेत्र के कशिया पश्चिम गांव में पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसी दबंगों ने एक महिला के ऊपर खौलता हुआ पानी फेंक दिया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पूरामुफ्ती इलाके के हैरदगंज निवासी संतलाल पुत्र मसुरियादीन ने बताया कि उसकी बहन कलावती कशिया पश्चिम में ब्याही है। पीड़ित की मानें तो बहन की पड़ोसियों से पुरानी रंजिश है। इसे लेकर वह आए दिन गाली गलौज करते हैं। विरोध करने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। बताया कि 17 अप्रैल को भी पड़ोसी बहन को अपशब्द कह रहे थे। ऐतराज जताने पर पिटाई शुरू कर दी। खौलता हुआ पानी चेहरे पर फेंक दिया। जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गई। झगड़े के दौरान चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने दखल देकर किसी तरह मामला शांत कराया। सूचना पाकर पहुंचे मायके वालों ने झुलसी महिला को प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत में सुधार होने पर मंगलवार को उसके भाई ने पुलिस को तहरीर दिया। पुलिस ने आरोपी हीरालाल, सूरज व सुखरानी के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर सभी की तलाश शुरू कर दी है।