परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शिक्षकों को लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बीते एक माह से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) और ब्लॉक रिसोर्स सेंटर (बीआरसी) के माध्यम से विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम किए जा रहे हैं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेंद्र कुशवाहा ने बताया कि जिले में लगभग 6500 शिक्षक कार्यरत हैं, जो शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं। प्रत्येक विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे अपने अनुभव के साथ नई शिक्षण तकनीकों को अपनाकर बच्चों तक बेहतर ढंग से ज्ञान पहुंचा सकें।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को पाठ योजना निर्माण, गतिविधि आधारित शिक्षण, बच्चों के सीखने के स्तर का आकलन और डिजिटल संसाधनों के उपयोग जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने में कारगर साबित होगी। प्रशिक्षित शिक्षक न केवल छात्रों की समझ को बेहतर बनाएंगे, बल्कि विद्यालयों में सीखने का वातावरण भी अधिक सकारात्मक होगा।