बारा/कड़ा। सैनी और कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की रात बेखौफ चोर दुकान, मकान खंगाल ले गए। सेंध लगाकर चोर दुकान से घी, तेल, साबुन, चीनी समेत हजारों का सामान ले भागे। वहीं सैनी के रसूलपुर गांव के एक घर से चोरों ने जेवर, बर्तन, कपड़ा समेत करीब दो लाख रुपये का सामान पार कर दिया है। सूचना पर पहुंची इलाकाई पुलिस के साथ एसओजी टीम ने भी पहुंचकर मौका मुआयना किया। भुक्तभोगियों की तहरीर पर पुलिस रिपोर्ट ने दर्ज कर ली है। घटना से दुकानदार और ग्रामीणों में दहशत है।
कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के इटैला गांव निवासी पिंटू केसरवानी की बिजिया चौराहे पर किराने की दुकान है। बुधवार की शाम वह रोज की तरह दुकान बंद करके घर चला गया था। रात दुकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर चोर पांच हजार रूपये, घी, तेल, चीनी, साबुन, सुपाड़ी, बिस्किट, नमकीन, मेवा समेत करीब 70-80 हजार रुपये का सामान समेट ले गए। सुबह जब दुकान के सामने लोगों ने सामान बिखरा देखा, तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। बाजार में चोरी की भनक लगते ही मौके पर लोगों का मजमा लग गया।
सूचना पर दुकानदार के साथ कौशाम्बी कोतवाली की पुलिस और एसओजी टीम भी पहुंची। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद भुक्तभोगी दुकानदार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बता दें कि शनिवार को भी बिजिया चौराहे पर स्थित एक किराने की दुकान चोर खंगाल ले गए थे। इसी तरह सैनी कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी रमाशंकर बुधवार की रात नलकूप की रखवाली करने के लिए चला गया।
रात सेंध काटकर उसके घर से चोरों ने 20 हजार रुपये, सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब दो लाख रुपये का सामान पार कर दिया। घटना की जानकारी भुक्तभोगी को सुबह हुई। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि पुलिस घटना की तफ्तीश कर रही है। साथ ही चोरों का भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है।