होली बुधवार को है। गांव-गांव पर्व की धूम रही। लोग होली की मस्ती में डूबे रहे। होली शांति से मनाई जाए। इसके लिए अफसर पूरी तरह से अलर्ट हैं। जिले के संवेदन और अतिसंवेदनशील गांवों को चिह्नित करके सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वहीं त्योहार की पूर्वसंध्या पर एसपी ने लोगों से शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की है।
होली पर घर-घर इसकी तैयारी में लोग जुटे रहे।
वहीं बाजारों में भी होली को लेकर चहलपहल रही। साथ ही दिनभर प्रशासनिक और पुलिस अफसर भी सक्रिय रहे। एसपी वीके मिश्र ने बताया कि जिले के करीब 1072 स्थानों पर होलिका दहन होना है। इन सभी स्थानों पर सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं। साथ ही संवेदनशील और अतिसंवेदनशील गांवों में भी कोई उपद्रव न हो। इसके लिए थानेदारों को सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।
होली पर अफवाह फैलाना महंगा पड़ सकता है। शांति व्यवस्था खराब करने वालों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है। पुलिस अधीक्षक वीके मिश्र ने बताया कि अफवाह फैलाने वालों पर शिकंजा कसने के लिए थानेदारों के साथ खुफिया विभाग को भी निर्देश दिए गए हैं।