History sheeter arrested in police encounter
- फोटो : KAUSHAMBI
मुर्गा चोरी के शक में हुई मारपीट के मामले में हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार करने गई पुलिस पर हिस्ट्रीशीटर ने तमंचे से फायर कर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायर किया तो बदमाश की जांघ में गोली लग गई। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी के खिलाफ चरवा कोतवाली में केस दर्ज कर लिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर ने बताया कि चरवा कोतवाली के चपहुंआ गांव का निवासी भइयन (45) हिस्ट्रीशीटर है। पिछले दिनों उसने गांव के एक व्यक्ति पर कातिलाना हमला किया था।
घटना की रिपोर्ट चरवा कोतवाली में दर्ज है। बुधवार को पुलिस पार्टी भइयन को गिरफ्तार करने पहुंची तो उसने तमंचे से पुलिस पर फायर कर दिया। जवाब में पुलिस ने भी फायर किया तो गोली भइयन की जांघ में लगी। जिससे वह मौके पर गिर गया और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एएसपी के मुताबिक भइयन कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उधर, अस्पताल में भर्ती भइयन ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव का राजेंद्र उसका मुर्गा चोरी करके ले जा रहा था। इस पर उसने राजेंद्र को पीट दिया था। राजेंद्र ने उसके खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने उसे कोतवाली बुलाया लेकिन डर की वजह से वह कोतवाली नहीं गया। बुधवार को घर में पुलिस फोर्स को देखकर वह डर गया। वह निहत्था दीवार फांदकर भाग रहा था, तभी पुलिस ने गोली मार दी। चरवा कोतवाली पुलिस ने मुताबिक भइयन के पास से एक तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए हैं।
History sheeter arrested in police encounter- फोटो : KAUSHAMBI