हाईस्कूल अंग्रेजी परीक्षा के दौरान निरीक्षण पर निकले सीडीओ ने एक केंद्र को डिबार करने की संस्तुति कर दी। केंद्र में विद्यालय का लिपिक कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी करता नजर आया तो अन्य कक्ष निरीक्षकों का नाम हाजिरी रजिस्टर में नहीं मिला।
सोमवार को हाईस्कूल अंग्रेजी की परीक्षा के दौरान राज सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मकदूमपुर में कापी लिखे जाने की शिकायत किसी ने सीडीओ से की। महत्वपूर्ण शिकायत पर सीडीओ डॉ. दिनेश कुमार सिंह विद्यालय पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कापी लिखे जाने की पुष्टि तो नहीं हो सकी पर एक लिपिक कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी करता नजर आया। इसके अलावा जो लोग कक्ष निरीक्षक बने थे उनका नाम उपस्थिति पंजिका से मेल नहीं खा रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने केंद्र को डिबार करने की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट डीआईओएस को भेज दी है। सीडीओ की कार्रवाई से केंद्र के जिम्मेदारों में हड़कंप रहा।