चालक को बाहर निकालने का प्रयास करते पुलिस के जवान। स्रोत- पुलिस
देवीगंज बाजार में रविवार तड़के बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार सीमेंट लदा वाहन अनियंत्रित होकर मकानों में जा घुसा। हादसे में दो मकानों का अगला हिस्सा छतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि लोग पिछले हिस्से में सो रहे थे, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तड़के करीब 4:40 बजे शाहजहांपुर जनपद के ददरौल थाना क्षेत्र निवासी चालक विपिन कुमार (32) सीमेंट लदा वाहन लेकर सतना की ओर जा रहा था। तभी देवीगंज बाजार के सैनी रोड पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सर्वेश अग्रहरि व शालिनी माहेश्वरी के मकानों को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा।
जोरदार धमाके से इलाके में अफरातफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। हादसे के दौरान वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। सूचना पर थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह पुलिस बल और फायर ब्रिगेड के साथ पहुंचे। गैस कटर की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया और सीएचसी कड़ा में भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि चालक नींद में था और झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।