जिले के नगरीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लगातार प्रयास तेज हो रहे हैं। बीते तीन माह के भीतर जिले की दो नगर पालिकाओं और आठ नगर पंचायतों में कार्य योजनाएं तैयार कर टेंडर जारी किए गए। सबसे अधिक काम मंझनपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में प्रस्तावित हैं। इसके बाद भरवारी नगर पालिका परिषद तथा नगर पंचायतों में कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
मंझनपुर नगर क्षेत्र में लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसके लिए तीन माह पूर्व टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई थी। योजना के तहत चौराहों का सुंदरीकरण, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, सीसी रोड, आरसीसी नाली और इंटरलॉकिंग जैसी मूलभूत सुविधाओं पर काम होना है।
यह सभी कार्य नगर पालिका के 25 वार्डों में एक साथ संचालित किए जा रहे हैं। इनमें लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये की योजनाएं मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना से और करीब साढ़े सात करोड़ रुपये के कार्य राज्य वित्त से संचालित होंगे। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना से सीमा विस्तार वाले वार्डों में सीसी रोड और आरसीसी नाली निर्माण के 15 कार्य शुरू हैं, जबकि राज्य वित्त से मंझनपुर व समदा चौराहों का सुंदरीकरण कराया जा रहा है।
भरवारी में 25 करोड़ की योजनाएं
भरवारी नगर पालिका क्षेत्र में करीब दो माह पहले 25 करोड़ रुपये की योजनाओं के लिए टेंडर निकाले गए। इस धनराशि से नगर में पार्कों और चौराहों का सौंदर्यीकरण, भरवारी और मूरतगंज में सीसीटीवी कैमरे लगाने, नगर पालिका कार्यालय के सामने एक बीघे भूमि पर शॉपिंग मॉल व बरात घर, मंडी समिति भरवारी के पास स्विमिंग पूल, मोक्षधाम का सौंदर्यीकरण, नई सड़कें और दो अतिरिक्त दाह संस्कार शेड तैयार किए जाने की कार्ययोजना है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्यों को गति देने की तैयारी है।
चरवा व चायल नगर पंचायतों में पहल
चरवा नगर पंचायत ने करीब दस दिन पूर्व 50 लाख रुपये की लागत से हैंडपंप मरम्मत और पेयजल आपूर्ति से जुड़े कार्यों के लिए टेंडर जारी किए हैं। इनके पूरे होने पर स्थानीय लोगों को पानी की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। वहीं शनिवार को चायल नगर पंचायत ने भी 30 लाख रुपये की लागत से विकास कार्यों के टेंडर जारी कर कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही कार्य प्रारंभ करा दिए जाएंगे।
नगर पालिका परिषद मंझनपुर की ओर से जिन कार्यों का टेंडर निकाला गया है। उनके कार्य तेजी के साथ पूरा किए जाए। इसके लिए अधिकारियों को निगरानी व ठेकेदार को गुणवत्ता पूर्ण कार्य का निर्देश दिया गया है। कार्य में देरी होने पर ब्लैक लिस्ट करने की चेतावनी भी दी गई है। - बीरेंद्र फौजी, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद मंझनपुर