कसिया के पास खंभा से टकराकर पलटी कार- संवाद
कोखराज के कसिया स्थित एनएच-19 पर रविवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर विद्युत खंभे से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार छह लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि समय से कार का एयरबैग खुल गया, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। कार सवार सभी छह लोग महाशिवरात्रि के अवसर पर इटावा से प्रयागराज संगम स्नान के लिए जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 9:30 बजे कसिया के पास एनएच-19 पर एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे विद्युत खंभे से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पार कर रहे एक अन्य वाहन को बचाने के प्रयास में चालक संतुलन खो बैठा, जिससे कार सीधे विद्युत खंभे से जा टकराई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना के दौरान कार का एयरबैग खुल गया, जिससे यात्रियों को गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया।
हादसे में घायल होने वालों में संजीव यादव पुत्र राजवीर निवासी बरईपुरा थाना सिविल लाइंस जनपद इटावा (चालक), सीमा सिंह, आकांक्षा सिंह, गायत्री देवी और अनुपम सिंह निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी थाना फ्रेंड्स कॉलोनी जनपद इटावा शामिल हैं। सभी घायलों को पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।
कोखराज थाना प्रभारी इंद्रदेव ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कराकर छुट्टी दे दी गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।