फांसी लगाकर हाईस्कूल के छात्र ने दी जान
करारी कोतवाली क्षेत्र के पथरा कला गांव का मामला, कोहराम
संवाद न्यूज एजेंसी
करारी। इलाके के पथरा कला गांव में शनिवार शाम एक बोर्ड परीक्षार्थी ने फांसी लगाकर जान दे दी। आत्मघाती कदम उठाने की वजह फिलहाल साफ नहीं है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
पथराकला निवासी लालसिंह (16) पुत्र पृथ्वीलाल हाईस्कूल का छात्र था। उसका सेंटर स्वर्ग सोनौली स्थित स्कूल गया था। शनिवार शाम परिवार के सभी लोग खेतों की ओर गए थे। लौटकर आए तो दरवाजा भीतर से बंद था। दरवाजा तोड़कर परिजन अंदर पहुंचे तो देखा कि रस्सी के सहारे धन्नी पर लालसिंह की फांसी के फंदे से लाश लटक रही थी। रोने की आवाज सुन मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मामले में करारी कोतवाल केपी सिंह का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।