सिराथू। स्वास्थ्य विभाग की एक टीम सोमवार को सिराथू तहसील के बुखार और डायरिया से प्रभावित गांव भडे़हरी की हरिजन बस्ती पहुंची। यहां पर 22 मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया और दवाएं दीं।
भड़ेहरी की हरिजन बस्ती में डायरिया और वायरल फीवर ने पैर पसार लिए हैं। लगभग हर घर में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक पीड़ित हैं। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग इसे गंभीरता से नहीं ले रहा था, जबकि ग्राम प्रधान की ओर से इसकी सूचना भी सीएचसी में दी गई थी। अमर उजाला के चार सितंबर के अंक में ‘भड़ेहरी में डायरिया और बुखार ने पसारे पांव, हर घर में पड़े बीमार’ शीर्षक से खबर छपी।
इसके बाद अधिकारी हरकत में आए। सोमवार को ही स्वास्थ्य विभाग की एक टीम गांव पहुंची और लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। सीएचसी इस्माइलपुर के अधीक्षक डाॅ. मोहम्मद सउद ने बताया कि लगभग 22 मरीजों के सेहत की जांच की गई है। इन्हें दवाएं भी दी गईं। इसके साथ ही एंटी लार्वा का छिड़काव भी कराया गया है। गांव के प्रधान अनिल चौरसिया सहित बस्ती के चुन्नू लाल, राजेश कुमार, अमर नाथ, बृजेश कुमार, संतराम ने जनहित के इस मुद्दे को उठाने के लिए अमर उजाला का आभार जताया।