नगर पंचायत भरवारी से चाकवन होते हुए संदीपन गंगा घाट जाने वाली सड़क बारिश में तालाब बन गई है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से इलाके के लोगों का राह चलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों ने पीडब्लूडी से कई बार सड़क मरम्मत कराने की मांग की थी लेकिन आज तक मरम्मत नहीं कराई गई।
भरवारी कस्बे से चाकवन चौराहा होते हुए संदीपन गंगा घाट जाने वाली सड़क का निर्माण लगभग 15 साल पहले पीडब्लूडी द्वारा कराया गया था। इसके बाद से आज तक विभाग ने सड़क की मरम्मत नहीं कराई। देखरेख के अभाव में सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गई है।
पिछले माह सड़क की मरम्मत कराने की मांग को लेकर इलाके के लोगों ने मुख्यालय में प्रदर्शन कर सड़क की मरम्मत कराने की मांग भी की लेकिन पीडब्लूडी विभाग के कान में जूं तक नहीं रेंगी। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के चलते बारिश में तालाब नजर आने लगी है। अब सड़क पर पानी भर जाने से सड़क पर लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। ग्राम प्रधान राला सरफराज का आरोप है कि सड़क मरम्मत की मांग कई बार इलाकाई लोगों ने महकमे के जिम्मेदारों से की पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। सड़क की मरम्मत न होने से इलाकाई लोगों में नाराजगी है।