सीबीएसई बोर्ड ने शुक्रवार को इंटरमीडिएट के नतीजों का एलान कर दिया। बोर्ड के नतीजों में कौशाम्बी प्रेसीडेंसी स्कूल भरवारी के हर्ष केसरवानी ने 96.80 फीसदी अंकों के साथ जनपद में अव्वल रहे। इसी कॉलेज की मुस्कान ने 96.70 फींसदी अंकों के साथ दूसरे तथा साक्षी यादव तथा रिजवी कौशाम्बी पब्लिक स्कूल कशिया ककोढ़ा की इशिता त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।
दोनों को परीक्षा में 96.20 प्रतिशत अंक मिले हैं। नतीजों का एलान होते ही मेधावियों के साथ ही शिक्षण संस्थान खुशी से उछल पड़े। सफलता से उत्साहित विद्यार्थियों ने एक-दूसरे का मिठाई खिलाकर जश्न मनाया।
सीबीएसई बोर्ड 12 वीं के विद्यार्थी अगली कक्षाओं में प्रवेश के लिए नतीजों का सिद्दत से इंतजार कर रहे थे। शुक्रवार को बोर्ड की तरफ से परिणामों की घोषणा होते ही छात्रों का इंतजार खत्म हो गया। जिले के पांच विद्यालयों में पंजीकृत सैकड़ों छात्र उनके अभिभावक एवं शिक्षण संस्थान नतीजे देख खुशी से उछल पड़े।
कौशाम्बी प्रेेसीडेंसी स्कूल भरवारी की प्रिंसिपल सीमा पवार ने बताया कि उनके संस्थान का रिजल्ट 100 प्रतिशत रहा। हर्ष केसरवानी (कॉमर्स) 96.80 प्रतिशत अंक हासिल कर कॉलेज के साथ ही जनपद में टॉप किया है। जबकि मुस्कान केसरवानी (मैथ्स ) 96.70 व साक्षी यादव (बायोलॉजी) 96.20 प्रतिशत अंकों के साथ कॉलेज में दूसरे व तीसरे स्थान पर रहीं।
कॉलेज प्रिंसिपल ने बच्चों को शुभकामनाएं दी। संस्थान के मैनेजर एवं विधायक चायल संजय कुमार गुप्ता ने भी छात्रों के उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। इसी तरह जवाहर नवोदय टेंवा के प्रिंसिपल विमल कुमार मिश्र ने बताया कि संस्थान के शत-प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए हैं।
विद्यालय की अर्शिता सिंह ने 95.8 प्रतिशत के साथ कॉलेज टॉप किया है। इसी तरह से भवंस मेहता के अभिषेक त्रिपाठी ने 95.8 प्रतिशत व कौशाम्बी पब्लिक स्कूल कशिया ककोढ़ा की इशिता त्रिपाठी ने 96.2 प्रतिशत के साथ अपने-अपने कॉलेज में टॉप किया।
बताते दें कि कोविड संक्रमण की वजह से इस बार परीक्षा नहीं हुई लेकिन प्री-बोर्ड, 11वी में मिले नंबर के आधार पर जारी इस रिजल्ट में स्कूलों में कई विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन कर कॉलेज का मान बढ़ाया। शुक्रवार को कोविड संकट के कारण अधिकांश स्कूलों में बच्चों को नहीं बुलाया गया, लेकिन स्कूल की ओर से मेधावियों को बधाइयां दी जा रही हैं।
रिजवी स्प्रिंगफील्ड स्कूल की श्रेया ने किया कॉलेज टॉप
सीबीएसई ने शुक्रवार को 12वीं कक्षा का परिणाम घोषित किया। जिसमे डॉ. रिजवी स्प्रिंगफील्ड स्कूल से 95.6 प्रतिशत अंक के साथ श्रेया वानी ने प्रथम स्थान हासिल किया। कल्पना केशरवानी ने 95.4 प्रतिशत के साथ दूसरा और 95 प्रतिशत अंकों के साथ सूर्य प्रताप सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसके साथ ही विष्णु कांत अग्रहरि ने 94.4 प्रतिशत, अनमोल त्रिपाठी 93.8 प्रतिशत, अलीना तकवी 93.6 प्रतिशत अंक हासिल किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र पांडेय ने छात्र छात्राओं को उनकी सफलता के लिए बधाई दी।
उन्होंने बताया कि विद्यालय से 102 छात्रों ने परीक्षा के लिए नामांकित थे। जिसमें तीन छात्र अनुपस्थित रहे। 99 छात्रों का परीक्षाफल घोषित हुआ है। सभी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इस मौके पर शमीम रजा, इशरत अली, मो. मोख्तार, महफूज आलम आदि अध्यापक मौजूद रहे।