फांसी लगाकर किराना कारोबारी ने दी जान
संवाद न्यूज एजेंसी
कल्यानपुर। घर से शौच के लिए निकले एक किराना कारोबारी ने फांसी लगाकर जान दे दी। सोमवार सुबह गांव के बाहर बेर की बाग में शव मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के भदवां गांव निवासी राम भवन (45) पुत्र नग्गू किराना की दुकान का संचालन कर अपने दो बेटे कल्लू (16) व दिनेश (13) का भरण-पोषण करता था। करीब एक साल से उसकी पत्नी अलग घर में रहती थी। सोमवार सुबह राम भवन घर से शौच के लिए जाने की बात कहकर निकला। इसके बाद वह गिरीश चंद्र तिवारी की बेर की बाग में पहुंचा। सुबह खेतों की तरफ जा रहीं महिलाओं ने बताया कि राम भवन पेड़ में अपना अंगौछा बांध रहा था। महिलाओं ने इस ध्यान नहीं दिया। कुछ देर बाद वह लौटीं तो देखा रामभवन की लाश लटक रही थी। उन्होंने जानकारी बेटों को दी तो वह रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। जानकारी पर पुलिस भी आ गई। रामभवन के आत्मघाती कदम उठाने का कारण पता नहीं चल सका।