सिराथू तहसील के उदिहिन बुजुर्ग में सड़क किनारे बने सरकारी नाले के ऊपर अवैध रूप से पक्का घर बनवाया जा रहा है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद बुधवार को तहसील प्रशासन ने जांच की। मौका मुआयना करने के बाद नायब तहसीलदार ने अवैध निर्माण पर रोक लगा दी।
सिराथू के उदिहिन बुजुर्ग गांव में सड़क किनारे आराजी संख्या 464 ग्राम समाज की भूमि पर पक्का नाला बना है। इस नाले के ऊपर से पड़ोसी गांव उदिहिन खुर्द के ग्राम प्रधान इंद्र नारायण ने क्षेत्रीय लेखपाल और सेक्रेटरी से मिलीभगत कर भवन निर्माण करा रहा है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत एसडीएम सिराथू से की। उपजिलाधिकारी ज्योति मौर्या के निर्देश पर नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार ने बुधवार को मौका मुआयना किया। अवैध निर्माण की तस्दीक होने पर नायब तहसीलदार ने काम रुकवा दिया। नायब तहसीलदार ने बताया कि अवैध निर्माण के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के लिए एसडीएम को रिपोर्ट सौंप दी गई है।