सिराथू तहसील के फत्तू का पुरवा मजरा अनेठा के ग्रामीणों ने सोमवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान बुजुर्गों के कब्रिस्तान पर अवैध कब्जा करा रहा है। मामला कब्रिस्तान का होने के कारण डीएम ने इसे गंभीरता से लिया है।
फत्तू का पुरवा निवासी चंद्रपाल, राजू, वासदेव, राम आसरे, कैरा, चंद्रकली समेत दर्जनभर ग्रामीण सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए डीएम से मुलाकात की। आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान चुनावी रंजिश के चलते पूर्वजों के कब्रिस्तान पर गांव के लोगों से कब्जा करा रहा है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। डीएम ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।