मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को 201 गरीब कन्याओं का घर बस गया। हिन्दू जोड़े वैदिक मंत्रोच्चर के बीच तो मुस्लिम जोड़े निकाह कुबूलनामे के साथ दाम्पत्य जीवन जीने का वचन देते हुए एक दूजे के हो लिए। कार्यक्रम में शामिल हुए जनप्रतिनिधियों, अफसरों एवं आम लोगों की भीड़ से समूचा डायट परिसर खचाखच भरा रहा।
गरीब कन्याओं की बेटियों के हाथ पीले करने व मेंहदी रचाने के लिए प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का संचालन कर रखा है। इसके तहत डीएम मनीष कुमार वर्मा द्वारा नोडल अधिकारी मंजू सोनकर समेत कई विभागों के सहयोग से गरीब जोड़ों की तलाश कराई गई। शुक्रवार की शाम तक पंजीकृत हुए 192 जोड़ों की सामूहिक शादी डायट मैदान में मंडप सजाया गया। सुबह दस बजे मंगल गीतों की रस्म के साथ वैवाहिक कार्यक्रम शुरू हुआ। इसके बाद हिंदू समुदाय के जोड़ों का विवाह शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कराया गया।
विवाह के दौरान वर-वधू को पुरोहितों ने सातों वचन निभाने की रस्म पूरी की। विवाह होने के बाद वर व कन्या ने एक दूसरे को जयमाल पहनाया। इसी तरह से नौ मुस्लिम जोड़ों को भी उलेमाओं ने निकाह बाद कुबूलनामा कराया। इसके बाद जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक जोड़े को एक बक्शा, कपड़ा, बर्तन सहित लगभग 12 हजार रुपये का सामान व 20 हजार रुपये का नगद चेक मुहैया कराया गया। दोनो पक्षों से आए घरातियों-बरातियों में खुशी का माहौल रहा। वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान मंच पर जिला पंचायत अध्यक्ष अनामिका सिंह, सांसद विनोद सोनकर, विधायक मंझनपुर लाल बहादुर, विधायक सिराथू शीतला प्रसाद पटेल, विधायक चायल संजय गुप्ता, डीएम मनीष कुमार वर्मा, एसपी प्रदीप कुमार गुप्ता, एडीएम राकेश कुमार श्रीवास्तव, सीडीओ हीरालाल, डीडीओ डीके दोहरे, पीडी राजेश कुमार मिश्र, सीएमओ डॉ. दीपेंद्र मालवीय, डीपीआरओ कमल किशोर, डीपीओ आर के मिश्र व कार्यक्रम की नोडल अधिकारी मंजू सोनकर सहित सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।