प्रेमी की पिटाई पर छात्रा ने जहर खाकर दी जान
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार सुबह हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
सरायअकिल। इलाके के एक गांव में मंगलवार सुबह प्रेमी की पिटाई से क्षुब्ध एक छात्रा ने जहर खा लिया। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
सरायअकिल इलाके की एक 18 वर्षीय लड़की बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। बताया जाता है कि पड़ोस में रहने वाले ममेरे भाई से उसका प्रेम संबंध था। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो उन्होंने दोनों के मिलने-जुलने पर पहरा लगाना शुरू कर दिया। लड़की को फटकारने के साथ उसके कहीं आने-जाने पर भी पाबंदी लगा दी। यहां तक कि भाई छोड़ने और लाने के लिए भी स्कूल जाता था। दो दिन पहले दोनों के परिजनों के बीच इसी बात को लेकर झगड़ा भी हुआ था। इसके बाद मंगलवार सुबह परिवार वालों ने शादी की जिद पर अड़े रहने की वजह से लड़के को पीट दिया। इस बात की जानकारी होने पर छात्रा ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार वाले उसे अस्पताल ले जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में उसकी सांसें थम गईं। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। मामले में सरायअकिल इंस्पेक्टर मनीष कुमार पांडेय का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। दरोगा को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।