मां-बेटी को तमंचे की बट से पीटा, फाड़े कपड़े
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में सोमवार सुबह हुई घटना, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में सोमवार सुबह रंजिश के चलते पड़ोस के दबंग ने मां-बेटी की पिटाई कर दी। बिटिया के कपड़े भी फाड़ डाले। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सरायअकिल इलाके की एक महिला ने बताया कि पड़ोसी दबंग से उसके परिवार की रंजिश है। इसे लेकर वह आए दिन गाली-गलौज करता है। विरोध करने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाता है। पीड़िता की मानें तो सोमवार सुबह भी दबंग अपशब्द कह रहा था। ऐतराज जताने पर पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची बेटी को भी पीटा। उसने बेटी के कपड़े फाड़कर उसको अर्धनग्न कर दिया। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट लिखकर घायल मां-बेटी को मेडिकल के लिए भेज दिया है। पीड़ित महिला का कहना है कि घटना के वक्त उसके घर पर कोई पुरुष नहीं था। हमलावर ने इसी बात का फायदा उठाया है।