मेडिकल कॉलेज की पैथॉलाजी में रजिस्ट्रेशन कराने के लिए लाइन पर खड़े। संवाद
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मरीजों और तीमारदारों की सहूलियत के लिए पैथालॉजी में होने वाली जांचों की रिपोर्ट मोबाइल पर भेजने की व्यवस्था कर दी है। इससे मरीजों को रिपोर्ट लेने के लिए भीड़ में धक्के नहीं खाने पड़ेंगे।
मेडिकल कॉलेज की पैथालॉजी में रोजाना करीब 300 मरीजों की लगभग छह हजार जांचें होती हैं। मरीजों को पहले पंजीकरण काउंटर पर भीड़ से जूझना पड़ता है। इसके बाद जब जांच रिपोर्ट लेनी होती है तो भी इसी परेशानी का सामना करना पड़ता है। हालांकि, जांच रिपोर्ट पांच से छह घंटे में ही तैयार हो जाती है। लेकिन, जब रिपोर्ट मिलने की बारी आती है तब तक ओपीडी का समय समाप्त हो गया होता है। इसलिए, ज्यादातर मरीज और तीमारदार अगले दिन रिपोर्ट लेने आते हैं। ऐसे में पंजीकरण काउंटर पर भीड़ और अधिक लग जाती है। इसी को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हरिओम सिंह ने बताया कि अब मोबाइल पर मैसेज से जांच रिपोर्ट भेजने की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। जांच के लिए सैंपल देने के छह से सात घंटे के अंदर ही रिपोर्ट मरीज के पंजीकरण के वक्त लिखवाए गए मोबाइल नंबर पर पहुंच जाएंगी। ऐसे में मरीज अगर दूसरे दिन भी आएंगे तो उन्हें रिपोर्ट के लिए भीड़ में धक्के खाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मोबाइल में आई रिपोर्ट दिखाकर ही चिकित्सक से सलाह ले लेंगे। जरूरत पड़ने पर बाद में पैथालॉजी से रिपोर्ट की मूल प्रति भी हासिल कर सकेंगे।