दो बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा
गिरोह बनाकर इलाके में चोरी की घटनाओं को दे रहे थे अंजाम
नेवादा। सरायअकिल इलाके में गिरोह बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश पर की है।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनीत सिंह ने बताया कि पांच मई को थाना परिसर स्थित मनकामेश्वर धाम मंदिर में खिड़की तोड़ कर दान पेटी चोरी कर ली गई थी। इसी तरह 10 अगस्त को तरना गांव में एक घर में सेंध काटकर चोरी की गई। 18 अगस्त को भगवानपुर गांव में बोरिंग मशीन,पंखा और गियर बाॅक्स चोरी हुआ। मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश करने पर पता चला कि तीनों चोरियों में पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र के पूरबशरीरा गांव का गैंगलीडर श्याम उर्फ गब्बू उर्फ गबुली शामिल है। इसी गैंग का सक्रिय सदस्य चंदनापुर गांव का अनिल कुमार भी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद माल बरामदगी कर चालान न्यायालय भेज दिया। पुलिस की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी ने दोनों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई का आदेश दिया। इसी के तहत सोमवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।