सिराथू। कड़ा के कुबरी घाट पर बुधवार सुबह गंगा स्नान करने आई महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया गया। पीड़िता की चीखपुकार पर लोगों को आता देख आरोपी धमकी देते हुए भागने लगे। घेराबंदी कर लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि दो अन्य फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
सैनी कोतवाली इलाके के एक गांव में रहने वाले पति-पत्नी बुधवार सुबह कड़ा के कुबरी घाट पर गंगा स्नान करने आए थे। गंगा स्नान से पहले महिला झाड़ियों की तरफ शौच करने गई। आरोप है कि घाट की तरफ लौटते समय रास्ते में सूनसान स्थान पर कुबरी घाट फकीरन टोला के मोबीन, अमीन व एक अन्य युवक ने उसे दबोच लिया। तीनों उसका हाथ पकड़कर झाड़ियों की तरफ खींचे ले जा रहे थे। महिला के शोर मचाने पर घाट पर मौजूद लोग ललकारते हुए उधर दौड़ पड़े। लोगों को आता देख आरोपी युवक धमकी देते हुए भागने लगे। इस दौरान लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया। उसे पीटने के बाद कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि उसके साथ रहे दोनों साथी भागने में कामयाब रहे। पीड़िता की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
युवती से सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास उलाहना देने पर मां को पीटा
मंझनपुर। पइंसा कोतवाली के एक गांव में रहने वाली महिला ने बताया कि मंगलवार की रात आठ बजे उसकी बेटी बस्ती से बाहर शौच के लिए गई थी। वहां पहले से घात लगाकर बैठे गांव के ही तीन युवकों ने उसे दबोच लिया। आरोप है कि आरोपी उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का प्रयास करने लगे। युवती के शोर मचाने पर ग्रामीणों को आता देख आरोपी युवक धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। किसी तरह घर आई बेटी ने अपनी मां को आपबीती सुनाई तो उसके होश उड़ गए।
महिला ने बताया कि इसके बाद वह युवकों के घर उलाहना देने गई तो आरोपियों के परिजनों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित मां-बेटी ने बुधवार को कोतवाली पहुंचकर नामजद तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। संवाद