कड़ा उर्स मेले में जायरिनों को चाय एवं शरबत पिलाते गंगा भक्त- संवाद
ख्वाजा कड़क शाह अब्दाल के 731वें उर्स मेले में गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। उर्स में जियारत के लिए दूर-दराज से पहुंचे जायरीनों की सेवा में गंगा गोमती संस्थान कड़ा के अध्यक्ष विनय पांडे की तरफ से चाय, शरबत, पानी और नाश्ते का निशुल्क स्टॉल लगाया गया है।
मेले में पहुंचे जायरीनों ने बताया कि कड़ा की पहचान हमेशा से आपसी भाईचारे और सौहार्द की रही है। उर्स के दौरान इस तरह की सेवा भावना ने सभी का दिल जीत लिया। गंगा गोमती संस्थान के अध्यक्ष विनय पांडे ने कहा कि कड़ा में हिंदू-मुस्लिम एकता की परंपरा सदियों पुरानी है और इसी भावना के साथ हर वर्ष उर्स मेले में आने वाले जायरीनों के लिए सेवा कार्य किया जाता है।
फरीदगंज निवासी महमूद ने विनय पांडे के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल हिंदू-मुस्लिम एकता का सशक्त प्रतीक है। उर्स मेले में इस तरह की सौहार्दपूर्ण तस्वीरें कड़ा क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और भाईचारे को और मजबूत करती हैं।