चरवा (ब्यूरो)। प्रदीप कुमार और जयसिंह उर्फ लल्लू स्मारक जिलास्तरीय प्रतियोगिता चरवा मैदान में शनिवार से शुरू हुई। दो दिवसीय प्रतियोगिता के पहले दिन मेजबान चरवा के अलावा पन्नोई, निधियावां और पिपरी की टीमों ने जीत हासिल की। इससे पहले प्रतियोगिता शुभारंभ करते हुए सपा नेता शशिभूषण द्विवेदी उर्फ बालम महाराज ने कहा कि खेल जीवन का अहम हिस्सा है। इससे मानसिक और शारीरिक मजबूती मिलती है।
चरवा मैदान में शनिवार से दो दिवसीय जिलास्तरीय वालीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें चरवा के अलावा नेवादा, गुवारा, पूरे अयोध्या, टाटा, सरायअकिल, बजहा, पन्नोई, निधियावां, अगियौना, पिपरी आदि 20 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मेजबान चरवा और बजहा टीम के बीच हुआ। इसमें मेजबान चरवा टीम विजयी रही। इसके अलावा पहले दिन पन्नोई टीम ने गुवारा, निधियावां टीम ने अगियौना और पिपरी टीम ने निधियावां बी टीम को हराया। जीतने वाली सभी टीमें रविवार को क्वार्टर फाइनल खेलेंगी।
इधर, प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए सपा नेता शशिभूषण द्विवेदी उर्फ बालम महराज ने कहा कि ऐसे आयोजन जरूरी है, क्योंकि खेल के माध्यम से जहां समाज को नई एकता मिलती है। वहीं इससे युवा पीढ़ी को शरीरिक, मानसिक मजबूती के साथ नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। इस मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष कुटेश्वर प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि उनकी चाहत प्रतियोगिता को प्रदेश स्तरीय बनाने की है। इसके लिए प्रयास किया जा रहा है कि अगले बरस इसमें प्रदेश के अन्य जिलों से भी टीमें प्रतिभाग करें।