कोखराज इलाके के परसरा चौराहे के समीप डीएफसी लाइन पर मंगलवार दोपहर एक युवक ने मालगाड़ी के सामने कूदकर जान दे दी। परिजनों के मुताबिक युवक ने बीमारी से क्षुब्ध होकर आत्मघाती कदम उठाया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
करारी कोतवाली के रक्सवारा गांव निवासी इंद्रपाल ने बताया कि उसका बेटा शिवचंद्र (24) काफी दिनों से बीमार चल रहा था। दवा-इलाज के बाद भी आराम नहीं मिलने से वह तनाव में रहता था। मंगलवार की सुबह वह घर से बिना बताए निकल गया। परसरा चौराहे से गुजरी डीएफसी रेलवे लाइन के पास दोपहर 12 बजे के करीब वह मालगाड़ी के आगे कूद गया। इससे उसकी माैत हो गई।
ट्रेन के लोको पायलट ने घटना की जानकारी स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर की खबर पर पहुंची भरवारी चौकी पुलिस ने आधार कार्ड के जरिये युवक की पहचान कर सूचना परिजनों को दी। बेटे की मौत की खबर सुन परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।