दो बार दर्ज होगी उपस्थिति
सोमवार से शिक्षक विद्यालय आगमन व प्रस्थान के समय, यानी दो बार हाजिरी लगाएंगे। कहीं कोई कमी न रहे, इसे लेकर दिए गए टेबलेट में जिओ- फेसिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसलिए हाजिरी लगाने के लिए शिक्षकों और स्टाफ का स्कूल में रहना जरूरी होगा। स्कूल परिसर से बाहर उपस्थिति दर्ज ही नहीं होगी।
शिक्षकों के लिए यह रहेगा समय
शिक्षक एक अप्रैल से 30 सितंबर तक सुबह 7.45 से आठ बजे के बीच हाजिरी लगाएंगे। प्रस्थान के समय 2.15 से 2.30 बजे हाजिरी लगाना होगी। एक अक्तूबर से 31 मार्च तक सुबह 8.45 से नौ बजे और वापसी में दोपहर 3.15 से 3.30 बजे के बीच ऑनलाइन हाजिरी लगानी होगी।
बच्चों का समय
बच्चों की हाजिरी एक अप्रैल से 30 सितंबर तक सुबह 8.00 से 2.00 बजे के बीच लगाई जाएगी। एक अक्तूबर से 31 मार्च तक सुबह नौ से अपराह्न तीन बजे के बीच होगी।
बेसिक शिक्षक के अतिरिक्त अन्य किसी भी विभाग में फेस आधारित उपस्थिति लागू नहीं है। परिषदीय स्कूलों की परिस्थितियों के समझे बिना इस तरह के आदेश अव्यवहारिक हैं। सरकार को पहले शिक्षकों की जरूरी मांगों को पूरा करना चाहिए। उसके बाद ही ऑनलाइन उपस्थिति संभव होगी। - ओमदत्त त्रिपाठी, जिला संयोजक, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ
नफरत भरा आचरण करते हुए नियमावली के विरुद्ध जाकर अव्यवहारिक आदेश करने से शिक्षकों में आक्रोश है। डिजिटल हाजिरी के विरोध में सभी संगठन लामबंद होकर आंदोलन करेंगे। आंदोलन के दौरान यदि अधिकारी ने कोई कार्रवाई की तो जिले भर के शिक्षक संबंधित अफसर का घेराव करेंगे। -- गुणेश तिवारी, जिला महामंत्री, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ
सभी परिषदीय विद्यालयों में तैनात शिक्षक और विद्यार्थियों की उपस्थिति सोमवार (आज) से ऑनलाइन ली जाएगी। इसके लिए शिक्षकों को निर्देश दे दिया गया है। 12 डिजिटल पंजिकाओं के माध्यम से ही विद्यालय में समस्त कार्य किए जाएंगे। - कमलेंद्र कुशवाहा,बीएसए