बसपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र मिश्र ने नाम लिए बगैर पार्टी को धोखा देने वालों पर जमकर हमला बोला। कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने जिन्हें फर्श से अर्श पर पहुंचाया, जब वह पार्टी के नहीं हुए तो फिर जनता के क्या होंगे? बोले ऐसे धोखेबाज और भगोड़े नेताओं का प्रदेश की जनता विधानसभा चुनाव में सूपड़ा साफ कर देगी। तीन माह बाद बसपा की सरकार आने पर ऐसे नेताओं के साथ ही सत्ता के इशारे पर काम करने वाले अफसरों से हिसाब लिया जाएगा।
बसपा महासचिव बुधवार को सदर विधानसभा क्षेत्र पश्चिमशरीरा स्थित दगंल मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कहा कि कौशाम्बी जिले का गठन बसपा सु्प्रीमो मायावती ने किया था। बसपा सरकार के बाद से जनपद विकास थम गया है। कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की निगाह बसपा सरकार द्वारा बनाए गए जनपदों के अलावा वहां निवास करने वाली जनता पर बनी हुई है। सपा, भाजपा सरकार में यहां की जनता को सताने वालों से 2022 में सरकार बनने के बाद हिसाब लिया जाएगा।
साथ ही जनपद में अधूरे रह गए विकास कार्यों को पूरा कराया जाएगा। राज्यसभा सांसद ने केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पीएम मोदी तो किसानों को नासमझ कहते हैं। यानि कि उनकी निगाह में किसान मूर्ख हैं। कहते हैं कि तीनों कृषि कानूनों को किसान नहीं समझ पाए। इसलिए कृषि कानून वापस लिए जा रहेे हैं। जबकि वास्तव ने देश के पांच राज्यों में चुनाव को देखते हुए उसी नासमझ किसानों का वोट लेने के लिए कृषि कानूनों की वापसी का एलान किया गया है।
बोले प्रदेश की योगी सरकार कानून और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अपने आप को समर्पित कहती है पर, इसकी जमीनी हकीकत ठीक विपरीत है। कहा कि तीन माह की बची भाजपा सरकार अब सिर्फ अपने दिन गिने। बसपा महासचिव ने मंझनपुर से पार्टी प्रत्याशी डॉ. नीतू कनौजिया और चायल से अतुल द्विवेदी को चुनकर विधानसभा भेजने की अपील की। सम्मेलन को मुख्य सेक्टर प्रभारी प्रयागराज मंडल अशोक कुमार गौतम, पूर्व मंत्री नकुल दुबे, पार्टी जिलाध्यक्ष संतोष गौतम, सदर सीट से प्रत्याशी डॉ. नीतू कनौजिया, राजू गौतम, महेंद्र गौतम ने भी संबोधित किया।
इस मौके पर गुलाम, दयाराम पासी, टीएन जैसल, आमीर काजी, मैदान सिंह पटेल, देवेंद्र पटेल, रमेश गौतम, अनिल केशरवानी, फूलचंद्र सरोज, संतोष त्रिपाठी, मोतीलाल आंबेडकर, शंकर दयाल पांडेय, दिलीप चौधरी, प्रभात चतुर्वेदी, अखिलेश पासी, बंशीलाल चौधरी, नन्हें पासी, सुरेश गौतम, रामराज द्विवेदी, लल्लू पांडेय, धर्मेंद्र पांडेय, सत्यम द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Fraudsters, fugitives will be wiped out from the state: Satish Mishra- फोटो : KAUSHAMBI