डीपीआरओ व 18 ग्राम प्रधानों और सचिव से स्पष्टीकरण तलब
डीएम ने कराई पड़ताल तो खुली पोल, प्रधान और सचिवों को नोटिस जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। जनपद की 18 ग्राम पंचायतों के मिनी सचिवालयों (पंचायत भवनों) में कंप्यूटर, प्रिंटर समेत अन्य सामग्री की खरीद में जमकर गोलमाल किया गया। मामले की शिकायत जिला मुख्यालय तक पहुंची तो डीएम ने जांच कराई, जिसमें बड़ी धांधली सामने आई। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद डीपीआरओ के साथ ही संबंधित 18 ग्राम पंचायतों के प्रधानों और सचिवों को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया गया।
शासन के निर्देश पर ग्राम पंचायतों में बने पंचायत भवनों को सक्रिय करा दिया गया है। ग्राम पंचायत से जुड़े सारे काम अब यहीं से होते हैं। ग्रामीणों को छोटे-मोटे काम के लिए ब्लॉक नहीं भागना पड़ता। इस व्यवस्था को धरातल पर लाने के लिए कंप्यूटर, प्रिंटर, अलमारी, इन्वर्टर समेत अन्य तमाम सामग्री खरीदी गई है। मूरतगंज, सिराथू, कड़ा, नेवादा, कौशाम्बी, मंझनपुर और चायल ब्लॉक की 18 ग्राम पंचायतों में इस सामग्री की खरीद के नाम पर जमकर खेल हुआ। मामले की शिकायत जिलाधिकारी सुजीत कुमार तक पहुंची। डीएम ने अफसरों से इसकी जांच कराई। इस दौरान सामग्री के बिल में जीएसटी व आयकर की कटौती न होने, फर्म को हुए भुगतान का तरीका पत्रावलियों में दर्ज न होने, सामग्री का स्टॉक रजिस्टर में दर्ज न होने समेत अन्य तमाम खामियां पाई गईं। जांच के बाद साफ हो गया है कि ग्राम प्रधानों और सचिवों ने कहीं न कहीं सामग्री की खरीद के दौरान शासन से जारी नियमों की अनदेखी की। इसे गंभीरता से लेते हुए डीएम ने डीपीआरओ के साथ ही संबंधित प्रधानों व सचिवों से स्पष्टीकरण तलब किया है। 15 दिन के अंदर जवाब सीडीओ को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। चेताया कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
इन गांवों में हुई मनमानी
मूरतगंज ब्लॉक के पट्टीनरवर, नसीरपुर, बसेढ़ी, सिराथू ब्लॉक के हटवा, रामपुर मढ़ूकी, बसोहनी, कड़ा ब्लॉक के चकसैनी, पहाड़पुर कोदन, केसारी, नेवादा ब्लॉक के घोसिया, खोपा, कौशाम्बी ब्लॉक के हकीमपुर, बारा, मंझनपुर ब्लॉक के कादिराबाद, मकदूमपुर, चायल ब्लॉक के मोहम्मदपुर, कोइलहा, चिरारी गांव में मिनी सचिवालय की खरीद में गड़बड़ी सामने आई है। इन गांवों के प्रधानों व सचिवों पर प्रशासन का शिकंजा कस गया है।