मंझनपुर। बीएसए ने टीम के साथ बृहस्पतिवार को नेवादा, कड़ा व मूरतगंज ब्लॉक के 45 विद्यालयों के साथ ही बीआरसी सिराथू का निरीक्षण किया। इस दौरान चार आईटी शिक्षक ड्यूटी से गायब मिले। बीएसए ने सभी के एक दिन का वेतन रोक दिया।
बीएसए डाॅ. कमलेंद्र कुशवाहा ने कड़ा ब्लॉक के कांपोजिट विद्यालय सयांरा मीठेपुर, ख्वाचकीमई, निजाममई व प्राथमिक विद्यालय निजाम का पूरा का निरीक्षण किया। विद्यालयों में मिलीं खामियां दुरुस्त करने का निर्देश दिया। इसके बाद शिवमंगल सिंह पूर्व माध्यमिक विद्यालय अंबाई बुजुर्ग पहुंचे। यहां मिट्टी के चूल्हे पर लकड़ी से एमडीएम बनता मिला। बच्चों ने बताया कि उन्हें फल व दूध नहीं दिया जाता है। एमडीएम की गुणवत्ता भी ठीक नहीं मिली। इस पर बीएसए ने प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण तलब किया।
दोपहर करीब एक बजे वह बीआरसी सिराथू पहुंचे। यहां तैनात आईटी शिक्षक पुष्पेंद्र सिंह, दीपेंद्र श्रीवास्तव, बृजेश कुमार चौधरी व छेदीलाल उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर कर गायब थे। बीआरसी का प्रिंटर व इनवर्टर खराब मिला। बीएसए ने व्यवस्था बेहतर करने का निर्देश दिया। साथ ही गायब कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।