जनपद में अवैध शराब के निर्माण एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने चार अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। अभियान के क्रम में थाना करारी, थाना संदीपनघाट, महेवाघाट एवं पश्चिम शरीरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अभियुक्तों के कब्जे से कुल 39 लीटर कच्ची शराब एवं 20 देशी शराब के अवैध क्वार्टर बरामद किए हैं।
थाना करारी पुलिस ने ग्राम अगियौना निवासी कलावती पत्नी बुधना को 12 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, थाना महेवाघाट पुलिस ने ग्राम अढ़ौली निवासी हीरालाल पुत्र सुखई को 20 लीटर अवैध शराब के साथ पकड़ा।
वहीं, थाना संदीपनघाट क्षेत्र से मलाक मोहिद्दीनपुर निवासी बड़ेलाल पुत्र जगरूप को 7 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा थाना पश्चिम शरीरा पुलिस ने ग्राम सीताराम का पुरवा, मजरा डेढ़ावल निवासी रामचंद्र पुत्र मोतीलाल को 20 अवैध क्वार्टर देशी शराब के साथ दबोचा। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई।