सरायअकिल कोतवाली के कुंड्रावी गांव मजरा कोटिया के समीप भूमि विवाद को लेकर फरार इनामिया हिस्ट्रीशीटर और उसके भाई ने पूर्व प्रधान समेत उनके भाइयों पर हमला कर दिया। लोगों की भीड़ देख हमलावर मौके से भाग निकले। पूर्व प्रधान ने थाने में हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इमलीगांव निवासी धर्मेंद्र पांडेय पूर्व प्रधान हैं। कुंडारी गांव के फोरलेन सड़क के समीप उन्होंने कुछ दिन पहले जमीन का बैनामा कराया है। सोमवार को वह अपने चचेरे भाइयों के साथ बैठ कर निर्माण करा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कोटिया गांव का फरार इनामिया अपने हिस्ट्रीशीटर भाई और साथियों के साथ स्कॉर्पियो से मौके पर पहुंचा। सभी निर्माण का विरोध करते हुए गालीगलौज करने लगे।
विरोध करने पर ईंट-पत्थर चलाते हुए हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर लोगों को इकट्ठा होता देख हमलावर फायरिंग करते हुए कोटिया गांव की तरफ भाग निकले। पूर्व प्रधान ने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जबकि, कोटिया गांव निवासी ग्राम प्रधान राजेश कुमार पाल उर्फ सुग्गीलाल का आरोप है कि वह दोपहर में चार पहिया से अपने निजी नलकूप गया था। लौटते समय ईंट- भट्ठे के समीप पुरानी रंजिश को लेकर इमलीगांव के पूर्व प्रधान ने साथियों संग मिलकर फायरिंग करते हुए हमला कर दिया। उसके बाएं हाथ में चोट भी आई है। पुलिस घटना की पूछताछ कर रही है।
ग्रामीणों ने फोरलेन मार्ग पर लगाया जाम
कुंडारी विवाद में फायरिंग के बाद कोटिया गांव के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान राजेश कुमार पाल की अगुवाई में प्रयागराज-कौशाम्बी फोरलेन मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने की जानकारी मिलने के बाद सीओ अभिषेक सिंह, पिपरी, संदीपनघाट, चरवा और सरायअकिल की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। तकरीबन एक घंटे के बाद पुलिस जाम समाप्त कराने में सफल हुई। इस दौरान वाहनों की दोनों तरफ कतारें लगी रही।
महिला सिपाही की फाड़ दी वर्दी
जाम हटाने के दौरान महिलाओं की महिला सिपाही से नोकझोंक हो गई। इसी बीच एक सिपाही की किसी ने वर्दी फाड़ दी। इसके बाद पुलिस के जवानों ने दौड़ा कर उपद्रवियों को खदेड दिया। मौजूद प्रधान की मां समेत कइयों को पुलिस वाहन में भरकर थाने उठा लाई।
साजिश में प्रमुख प्रतिनिधि के शामिल होने का भी आरोप
- इमलीगांव निवासी पूर्व प्रधान धर्मेंद्र पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि नेवादा के वर्तमान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भी हमले की साजिश में शामिल हैं। उनके कहने पर ही कोटिया गांव का हिस्ट्रीशीटर और उसका प्रधान भाई कई दिनों से उनकी रेकी कर रहे थे। इसकी सूचना उन्होंने मौखिक रूप से फोन के जरिए पुलिस को दी थी।
दोनों पक्ष के लोग गोली चलने का आरोप लगा रहे हैं। किसी व्यक्ति को गोली नहीं लगी है और न ही घटनास्थल पर खोखा मिला है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।-अभिषेक सिंह, सीओ चायल।
सीएचसी सरायअकिल में घायल राजेश पाल से पूछताछ करते सीओ कौशाम्बी जेपी पांडेय। संवाद