मंझनपुर क्षेत्र में चोरी की दो और करारी क्षेत्र में महिला के चैन स्नेचिंग की घटना का राजफाश कर पुलिस ने महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर नकदी, आभूषण व तमंचा कारतूस बरामद किया।
मंझनपुर कोतवाली के कुलौली निवासी मनोज कुमार पुत्र शिव मंगल प्रजापति के यहां 30 जून को चोरी की घटना हुई थी। इसी क्षेत्र के सैंबसा निवासी मनीष सिंह पुत्र गणेश प्रसाद के यहां भी 15 जुलाई की रात चोर घर में घुसकर गहना व कारतूस व नकदी पार कर गए। दोनों घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस राजफाश का प्रयास कर रही थी। पुलिस एफआईआर के अनुसार रविवार भोर पॉलीटेक्निक के समीप से बैसकांटी निवासी गिरीश कुमार व पृथ्वीलाल सरोज को गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से एक तंमंचा, छह कारतूस के साथ नौ हजार रुपये नकद बरामद हुए।
दोनों आरोपियों के खिलाफ लिखापढ़ी कर चालान न्यायालय भेजा गया है। पृथ्वीपाल के खिलाफ चित्रकूट व फतेहपुर में चोरी के 11 मुकदमें पंजीकृत हैं। करारी कस्बे में भी रक्षाबंधन के दिन खरीदारी के लिए गई सैदनपुर गांव की कमलेसिया पत्नी कमलेश का दो महिलाओं ने लाॅकेट पार कर दिया था। इंस्पेक्टर सियाकांत चौरसिया ने बताया कि सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पश्चिमशरीरा नहर पुलिया के समीप से मानती देवी निवासिनी बैसकांटी को गिरफ्तार किया गया। मानती के पास से तीन लाकेट का माला, एक कीपैड मोबाइल बरामद हुआ है।
तमंचा के साथ युवक गिरफ्तार
संदीपनघाट थाना पुलिस ने सोमवार को चेकिंग के दौरान नसीपुर मोड़ के समीप से बरई सलेम सगरा निवासी किशन उर्फ कृष्णा पटेल को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से एक तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी किशन के खिलाफ लिखापढ़ी कर चालान न्यायालय भेज दिया गया है।