Fog prevails throughout the day, drizzle at night increases winter
- फोटो : KAUSHAMBI
मंझनपुर। मंगलवार की सुबह से मौसम ने ऐसी करवट ली कि आसमान में छाए घने बादल हटे ही नहीं। इस बीच दिनभर सर्द हवा लोगों में ठिठुरन बढ़ाती रही। इसके बाद रात में हुई बूंदाबांदी से गलन और बढ़ गई।
मंगलवार को अचानक सुबह से मौसम बदला-बदला सा दिख रहा था। सूर्य के निकलने का इंतजार लोग जरूर कर रहे थे, लेकिन उनका दर्शन नहीं हुआ। फिजा में सर्द हवा चल रही थी। इसके चलते लोग घरों से कम ही निकले। सड़कों पर आमदिनों के मुकाबले सन्नाटा रहा। आसमान में दिनभर काले बादल छाए रहे। वहीं, रात आठ बजे के बाद बूंदाबांदी भी हुई। इसके चलते एकाएक गलन बढ़ गई है। सर्दी बढ़ने से गरम कपड़ों का बाजार गरम हो गया है। ऊनी कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ डटी रही। गलन बढ़ने से सर्वाधिक परेशानी बच्चों और बजुर्गों को हुई। बच्चे और बूढ़े ठंड से बचने के लिए शरीर को गर्म कपड़ों से ढके रहे। उधर, ठंड बढ़ने के बावजूद प्रशासन की ओर से अलाव के कोई इंतजाम नहीं दिखे। बाहर निकलने वाले लोग सड़कों पर ठिठुरते रहे ।
सर्दी से बुजुर्ग की मौत, कोहराम
अजुहा। सिराथू तहसील के बरीपुर गांव निवासी अजय कुमार (65) किसानी करते थे। परिजनों के मुताबिक सोमवार की शाम वह खेतों से काम कर घर आए तो अचानक उन्हें ठंड का एहसास हुआ। देखते ही देखते अजय की तबीयत बिगड़ने लगी। आननफानन घर वाले इलाज के लिए उन्हें लेकर अस्पताल भागे। लेकिन रास्ते में ही वृद्घ ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने प्रशासन को सूचना दिए बगैर मंगलवार को वृद्घ के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घर के मुखिया की मौत से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।