मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक कॉलेज में प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय की वार्षिक व सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान मंगलवार को जांच करने पहुंचे सचल दस्ते के सदस्यों को कॉलेज कर्मियों ने जमकर पीट दिया। राज्य विवि ने परीक्षा केंद्र निरस्त करते हुए परीक्षार्थियों को दूसरे केंद्र में शिफ्ट कर दिया है। मामले में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।
घटना के बाद कोतवाली में करीब डेढ़ घंटे तक पंचायत चली। इसके बाद विवि की टीम प्रयागराज लौट गई। मंझनपुर क्षेत्र के विमला देवी भार्गव महाविद्यालय में मंगलवार को 11 से दोपहर एक बजे की दूसरी पाली में बीए व बीएससी की परीक्षाएं चल रहीं थीं। इस बीच राज्य विवि के सचल दस्ते सदस्य के प्रो. ललित सनौदिया, डाॅ. नवीन तिवारी व आशिक अहिरवार जांच के लिए पहुंचे।
उन्होंने बताया कि कॉलेज में परीक्षा दे रहे छात्रों का मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। इस बीच परिसर में परीक्षा दिला रहे कर्मचारी उनके पास आए और पूछताछ करते हुए गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सचल टीम के कर्मचारियों को उन्होंने पीटना शुरू कर दिया। अन्य शिक्षकों ने बीच-बचाव किया। सूचना पर पहुंची टेवां चौकी पुलिस ने लोगों से पूछताछ की।
कॉलेज के कर्मचारियों का आरोप है कि सचल टीम के सदस्य विश्वविद्यालय से जुड़ी कोई आईडी नहीं दिखा सके थे। ऐसे में उन्होंने उन्हें टीम के सदस्यों को बाहरी व्यक्ति समझा। दोनों पक्षों को लेकर टेवां चौकी पुलिस कोतवाली आई। काफी देर तक एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का दौर चला। इसके बाद टीम के सदस्य प्रयागराज वापस चले गए।
इंस्पेक्टर संजय तिवारी ने बताया कि शिकायती में पत्र सचल दल के सभी कर्मी वादी बनना चाह रहे थे। जिस पर एक वादी के नाम से प्रार्थना पत्र देने के लिए कहा गया। नतीजतन वह दूसरे दिन आने की बात कहकर वापस चले गए। वहीं, घटना के बाद राज्य विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा केंद्र निरस्त करते हुए वहां के परीक्षार्थियों को दूसरे केंद्र मुंशी रामधनी जगरूप सिंह डिग्री कॉलेज में शिफ्ट कर दिया है। 28, 29 व 30 मई को प्रस्तावित परीक्षाएं नए केंद्र में होंगी।
000000
‘घटना का वीडियो फुटेज मिला है। सचल दस्ते के सदस्यों से मारपीट करने वालों को फुटेज के माध्यम से चिह्नित किया जा रहा है, जिनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। सेंटर को निरस्त कर दिया गया है। परीक्षा समिति महाविद्यालय के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई का निर्णय लेगी।- प्रो. अखिलेश कुमार सिंह, कुलपति, राज्य विश्वविद्यालय