फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कौशांबी : जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर फ्लोर टेस्ट कल, सदस्यों की घेराबंदी तेज

Fri, 18 Aug 2023 02:40 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, कौशांबी

सार

शनिवार को सदस्यों का फ्लोर टेस्ट होना है। इसे लेकर सदस्यों की घेराबंदी तेज कर दी गई है। एक सदस्य के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया है। दूसरे के खिलाफ घर से बेदखली की कार्रवाई की जा रही है, जबकि तीसरे सदस्य के घर की पैमाइश कराई जा रही है।
विज्ञापन
जिला पंचायत कौशांबी। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर की कुर्सी रहेगी या जाएगी इसका फैसला शनिवार को होगा। जिला पंचायत सदस्यों के द्वारा अध्यक्ष पर अविश्वास जताने के बाद डीएम ने फ्लोर टेस्ट के लिए 19 अगस्त की तिथि निर्धारित की है। इसको देखते हुए सभी सदस्यों की घेराबंदी शुरू कर दी गई है। येन केन प्रकारेण सदस्यों को अपने पक्ष में करने के लिए जी तोड़ मेहनत की जा रही है। 26 सदस्यीय सदन के 20 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव दाखिल कर रखा है।

विज्ञापन


शनिवार को सदस्यों का फ्लोर टेस्ट होना है। इसे लेकर सदस्यों की घेराबंदी तेज कर दी गई है। एक सदस्य के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया है। दूसरे के खिलाफ घर से बेदखली की कार्रवाई की जा रही है, जबकि तीसरे सदस्य के घर की पैमाइश कराई जा रही है। सदस्यों का कहना है कि उन्हें सत्ता पक्ष के इशारे पर फर्जी तरीके से फंसाया जा रहा है। उन्हें दबाव में लेने के लिए फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया है। 

भाजपा के टिकट पर निर्वाचित हुई थीं कल्पना सोनकर


जिला पंचायत कौशाम्बी में अध्यक्ष समेत छह सदस्य भारतीय जनता पार्टी के हैं। इनमें से पांच सदस्यों ने हलफनामा सौंपकर अपने ही पार्टी के अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास जाहिर किया है। अनुशासन का पाठ पढ़ाने वाली पार्टी इस मामले में चार दिन बीतने के बावजूद चुप्पी साधे हुए है। इसे लेकर सियासी गलियारे में तरह-तरह की चर्चा है।

जनपद की 26 सदस्यीय जिला पंचायत के चुनाव में सत्ताधारी दल भाजपा के छह सदस्य निर्वाचित हुए थे। इनमें अध्यक्ष कल्पना सोनकर के अलावा तूफान सिंह, रामनरेश, पूनम मौर्या, मीनू साहू और अर्चना निषाद शामिल हैं। महज छह सदस्यों वाली पार्टी उस वक्त किसी तरह अपना अध्यक्ष निर्वाचित कराने में सफल रही थी।

वक्त गुजरने के साथ ही अध्यक्ष ने दूसरे दलों के सदस्यों का भरोसा जीतना तो दूर अपनों का भी विश्वास खो दिया। इसकी बानगी 26 जुलाई को साफ देखने को मिली। दरअसल, डीएम के समक्ष अविश्वास का हलफनामा सौंपने वाले 20 में भाजपा के भी पांचों सदस्य शामिल हैं। अध्यक्ष के खिलाफ अपने ही पार्टी के सदस्यों द्वारा मोर्चा खोले जाने के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जिला पंचायत के अंदर चल रही इस अंतर कलह पर पार्टी पूरी तरह से मौन है।

कौशाम्बी में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा की कल्पना सोनकर काबिज हैं। अध्यक्ष की कार्यशैली को लेकर सदस्य काफी दिन से नाराज चल रहे हैं। समय-समय पर इसकी बानगी भी देखने को मिलती रही है। सालभर पहले सदस्य लामबंद होकर अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास लाने की तैयारी में थे, लेकिन सियासी कारणों से उस वक्त मामला ठंडा पड़ गया था।


वहीं, महीनेभर से फिर सदस्य गोलबंदी कर रहे हैं। नाराज खेमा कई दौर में अलग-अलग बैठकें कर रणनीति बनाता रहा। 15 जुलाई को मिली सदन की बैठक से 17 सदस्यों ने गैरहाजिर होकर अपनी मंशा जाहिर कर दी थी। इसके बाद से रोजाना नाराज खेमा नई-नई रणनीति बनाने में लगा रहा।

अंतत: मंगलवार दोपहर 20 सदस्यों ने कलक्ट्रेट डीएम से मिलकर अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास का हफनामा सौंपा। इसकी भनक लगते ही अध्यक्ष ने अपने प्रतिनिधि के जरिये डीएम को प्रार्थना पत्र भेजकर बताया कि हलफनामा में कूट रचित कर फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं। इनमें से कई सदस्य उनके साथ हैं। डीएम ने हस्ताक्षर मिलान के लिए दो अगस्त का दिन निर्धारित कर सदस्यो को नोटिस जारी किया है।
विज्ञापन

इन्होंने सौंपा अविश्वास का हलफनामा

अविश्वास का हलफनामा सौंपने वालों में विजमा देवी, मीनू साहू, रामनरेश, पूनम देवी, शेर मोहम्मद, सुनीता निषाद, मुंशब अली, अरुण कुमार चौधरी, सीमा देवी, तूफान सिंह यादव, अजय कुमार, नरेंद्र कुमार, अर्चना देवी, कमला देवी, गया प्रसाद, सोनी चौधरी, नीरज द्विवेदी, स्वराज्य प्रकाश, सुनीता देवी, शायमा समेत 20 सदस्य शामिल रहे।

भाजपा के सभी सदस्यों ने जताया अध्यक्ष पर अविश्वास

मिनी सदन में अध्यक्ष कल्पना सोनकर के अलावा भाजपा के पांच सदस्य हैं। इनमें तूफान सिंह, रामनरेश, पूनम मौर्या, मीनू साहू और अर्चना निषाद शामिल हैं। खास बात यह रही डीएम के समक्ष अविश्वास का हलफनामा सौंपने वालों में ये पांचों सदस्य भी रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें