कस्बे के नेहरू नगर मोहल्ले में बुधवार रात गल्ला व्यापारी के घर शॉर्ट सर्किट से लगी आग में हजारों रुपये कीमत के समान जलकर राख हो गए। आग की लपटों में घिरे दूसरी मंजिल पर सो रहे परिजनों को पड़ोसियों ने सीढ़ी लगाकर किसी तरह सकुशल बचाया। घटना की जानकारी पर पहुंचे फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मामले की जानकारी सदर तहसील प्रशासन को दे दी गई है। नेहरू नगर मोहल्ला निवासी मथुरा प्रसाद केसरवानी गल्ला की खरीद-फरोख्त करते हैं। मथुरा के छोटे बेटे हीरो ने भूतल में इलेक्ट्रानिक्स की दुकान खोल रखी है। परिवार के लोग दूसरी मंजिल में बने कमरों में रहते हैं। बुधवार रात करीब 11.30 बजे अचानक बिजली की शार्ट सर्किट से पहली मंजिल में आग लग गई।
घर में धुआं उठता देख परिवार के लोग बाहर निकलने के लिए नीचे आए तो धुआं भरा था। नतीजतन परिजन छत में चढक़र शोर मचाने लगे। मामले की जानकारी होने पर पड़ोसियों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को खबर देने के साथ ही बांस की सीढ़ी लगाकर घरवालों को सकुशल अपनी छत के रास्ते बाहर निकाला। इस बीच पहुंचे अग्निशमन दल ने किसी तरह आग पर काबू पाया। पता चला कि हीरो की दुकान में हुई शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। घटना में करीब डेढ़ लाख के नुकसान का अनुमान है। चर्चा रही कि अगर आग अंदर के कमरों में पहुंचती तो भंडार में रखा काफी अनाज जल कर राख हो जाता। गुरुवार सुबह मथुरा प्रसाद ने घटना की जानकारी सदर तहसील प्रशासन को दी है।