कोखराज टोल प्लाजा पर आग पर काबू पाने के लिए कौशाम्बी, प्रयागराज और प्रतापगढ़ के दमकल कर्मियों को संयुक्त अभियान चलाना पड़ा। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत और 10 टैंकर पानी के इस्तेमाल के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
मंझनपुर फायर स्टेशन प्रभारी अशोक कुमार यादव ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 6:45 बजे कोखराज टोल प्लाजा पर एलपीजी कैप्सूल टैंकर में गैस रिसाव के बाद आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मंझनपुर, चायल, सिराथू और पश्चिम शरीरा फायर स्टेशन से दमकल वाहन मौके के लिए रवाना किए गए। हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रयागराज से एक अतिरिक्त फायर टेंडर और प्रतापगढ़ से भी दमकल टीम बुलाई गई।
मौके पर कौशाम्बी के 22 और प्रयागराज और प्रतापगढ़ के चार-चार दमकल कर्मियों समेत कुल 30 कर्मियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। इस दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) मंगेश कुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस फोर्स ने घटनास्थल को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा।