बिना पूर्व अनुमति के विपक्षी दलों के नेताओं का पुतला दहन करने और रैली निकालने पर भाजपा महिला मोर्चा नीतू कन्नौजिया समेत पांच महिला नेताओं के खिलाफ नामजद समेत कई अज्ञात के खिलाफ एफईआईआर दर्ज किया गया है।
बिना पूर्व अनुमति के विपक्षी दलों के नेताओं का पुतला दहन करने और रैली निकालने पर भाजपा महिला मोर्चा नीतू कन्नौजिया समेत पांच महिला नेताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इसमें पांच नामजद समेत कई अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
विज्ञापन
कड़ा धाम थाना क्षेत्र के देवीगंज चौकी इंचार्ज रवि मौर्य ने थाने में शिकायती पत्र देकर बताया कि शनिवार सुबह करीब 11 बजे देवीगंज चौराहे पर कुछ लोगों ने बिना किसी पूर्व अनुमति के रैली और प्रदर्शन किया। आरोप है कि इस दौरान नीतू, दीपा श्रीवास्तव, अजय शुक्ला, प्रदीप, अंजनी समेत अन्य अज्ञात लोगों ने सार्वजनिक स्थल पर एकत्र होकर जोरदार नारेबाजी की और विपक्षी नेताओं का पुतला दहन किया।
इस दौरान चौराहे पर यातायात बाधित हो गया और आगजनी के चलते आसपास की दुकानों व संपत्ति को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रही। घटना से क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि पूरे मामले का वीडियो भी उपलब्ध है। शिकायत को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नीतू कन्नौजिया और मंडल अध्यक्ष दीपा श्रीवास्तव समेत पांच नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।