कुंड्रावी गांव में मकान निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सिराथू अस्पताल में भर्ती कराया और दोनों पक्षों की तहरीर पर 12 पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एफआईआर के अनुसार गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार उर्फ भानू पटेल अपने मकान का निर्माण करा रहे थे। इसी दौरान उनके पारिवारिक चाचा राजकुमार पुत्र राम सजीवन ने निर्माण कार्य रोकने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई और विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया।
मारपीट में एक पक्ष से राजकुमार, शकुंतला देवी, केशन लाल और पवन पटेल घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से धर्मेंद्र कुमार उर्फ भानू पटेल, ज्ञान सिंह, आरती देवी, बाल सुख, मंजीत पत्नी बाल सुख और शकुंतला पत्नी ज्ञान सिंह को भी चोटें आईं।
पइंसा थाना प्रभारी राजेंद्र वर्मा ने कहा कि मकान निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट हुई है। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर छह-छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।