चायल। शेरपुर गांव में मंगलवार शाम हुए गोली कांड में पिपरी पुलिस ने प्रधान व उनके पुत्र सहित छह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन कोई पकड़ा नहीं जा सका।
पिपरी कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर निवासी कल्लू ने बताया कि सोमवार शाम ग्राम प्रधान मान सिंह ने खेत से मिट्टी निकाले जाने की बात पर उसकी पिटाई की थी। इसी रंजिश के चलते मंगलवार शाम साथियों संग मिलकर घर में घुसकर भाभी शांति देवी को तमंचे की बट से पीटा था। बाबा विश्वनाथ को पैर में गोली मार दी थी। मामले में कल्लू के पिता श्यामा प्रसाद की तहरीर पर आरोपी प्रधान मान सिंह, उसके बेटे विजय, परिवार के ही हनुमान, मोटका, भोला व रामबाबू आदि के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। पिपरी इंस्पेक्टर रामआसरे सरोज ने बताया कि आरोपियों की तलाश में मंगलवार रात ही संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन कोई पकड़ा नहीं गया। आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए हैं। उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को पकड़कर जेल भेजा जाएगा। वहीं घटना के बाद से गांव में दोनों पक्षों के बीच तनातनी है।