मंझनपुर। एसबीआई की शिवकुटी शाखा प्रबंधक के खिलाफ कौशाम्बी में धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की गई है। पिपरी कोतवाली में तैनात आरक्षी ने उन पर केस दर्ज कराया है। प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।
पिपरी कोतवाली में तैनात आरक्षी (पैरोकार) रामजी यादव ने बताया कि एसबीआई की शिवकुटी (प्रयागराज) शाखा में उनका खाता है। आरक्षी की मानें तो 30 दिसंबर 2018 से दो फरवरी 2019 के बीच उनके खाते से दो किस्तों में 20 हजार रुपये निकल गए। आरक्षी ने बैंक शाखा की प्रबंधक दिव्या गौड़ पर सहकर्मियों के साथ मिलकर धोधाधड़ी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि प्रबंधक की भूमिका संदिग्ध है। इसी वजह से कई बार सूचना दिए जाने के बाद भी उन्होंने किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की। धननिकासी करने से पहले खाते में लिंक मोबाइल नंबर भी हटा दिया। इससे रुपये निकलने की जानकारी नहीं हो सकी। आरक्षी ने इसकी शिकायत शिवकुटी पुलिस से भी की थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं किया। इससे परेशान होकर गुरुवार को पिपरी में तहरीर दे दी। पिपरी पुलिस ने शाखा प्रबंधक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले में पिपरी इंस्पेक्टर पवन त्रिवेदी का कहना है कि आरोपों की जांच कराई जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।