किसानों ने बीडीओ का किया घेराव
छह गांवों के किसानों ने कार्यालय में गो आश्रय बनवाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बारा। कौशाम्बी इलाके में अन्ना मवेशियों के आतंक से किसान परेशान हैं। मंगलवार को छह गांवों के किसानों ने बीडीओ का घेराव किया। किसानों की मांग पर खंड विकास अधिकारी ने जल्द ही अस्थाई गो-आश्रय बनवाने का आश्वासन दिया।
अफसरों के तमाम निर्देशों के बावजूद कौशाम्बी विकास खंड के 57 ग्राम सभाओं में सिर्फ 11 में ही अस्थाई गो आश्रय संचालित किए जा रहे हैं। अन्य ग्राम सभाओं में गो आश्रय नहीं होने के कारण अन्ना मवेशी खेतों में खड़ी फसल चर रहे हैं। इससे परेशान कोसम इनाम, कोसम खिराज, जगन्नाथपुर, बैंगवा, इंदारापर, मुस्तफाबाद, लक्ष्मनापुर आदि गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को ब्लॉक कार्यालय पहुंचकर बीडीओ देवकुमार का घेराव किया। किसान अपने-अपने गांवों में अस्थाई गो आश्रय स्थल बनवाने की मांग कर रहे थे। इस पर खंड विकास अधिकारी ने संबंधित गांवों के सचिवों को बुलाकर हफ्ते भर के भीतर संबंधित गांवों में अस्थाई गो आश्रय स्थल बनवाने का निर्देश दिया। इस मौके पर धर्मनारायण, गंगादीन पाल, रिंकू यादव, ज्ञानेंद्र कुमार, रोहित तिवारी, जुगुल, भोला यादव, मुकेश कुमार आदि मौजूद रहे।