Farmer shot dead in Ujihini Aima village
- फोटो : KAUSHAMBI
उजिहिनी आइमा गांव में किसान की गोली मारकर हत्या
पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया, प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
चायल। पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के उजिहिनी आइमा गांव में शुक्रवार रात नलकूप पर सो रहे एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के भतीजे की तहरीर पर पड़ोसी गांव के तीन सगे भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है।
उजिहिनी आइमा निवासी भोंदल प्रसाद (75) खेती करता था। गांव में ही उसने नलकूप लगवा रखा था। शुक्रवार रात खाने के बाद नलकूप की कोठरी पर सो गया। सुबह भतीजा रामजी सरोज नलकूप गया तो वहां भोंदल की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। उसके सीने में गोली लगी थी। पास में 312 बोर का एक खोखा भी पड़ा था। सनसनीखेज वारदात की जानकारी मिलते ही मौके पर तमाम ग्रामीण आ गए। सूचना पाकर सीओ चायल राजकुमार त्रिपाठी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। मृतक के भतीजे रामजी का कहना है कि पिछले रविवार को पड़ोसी गांव उजिहिनी खालसा के गुड्डू से खेत में पानी लगाने को लेकर उसके दादा का विवाद हुआ था। तब उसने देख लेने की धमकी दी थी। गुड्डू ने ही अपने भाई प्रमोद व मलिक के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। तीनों भाइयों को खिलाफ एफआईआर लिखी गई है। हिरासत में लेकर पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। घटना से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है।