बदमाशों ने बाइक की डिग्गी से 86 हजार रुपये उड़ाए
पूरबशरीरा की घटना, अज्ञात के खिलाफ एफआईआर
मंझनपुर (ब्यूरो)। पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र की पूरबशरीरा बाजार में शुक्रवार शाम बदमाशों ने एक सहज जनसेवा केन्द्र संचालक की बाइक की डिग्गी से करीब 86 हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पश्चिमशरीरा के महावां गांव का संजय कुमार पुत्र मिश्री लाल सहज जनसेवा केंद्र संचालक है। शनिवार शाम वह किसी काम से पूरबशरीरा गया था। वहां एक मेडिकल स्टोर पर बाइक खड़ी करके दवा खरीदने लगा। इसी बीच उचक्कों ने बाइक की डिग्गी तोड़कर करीब 86 हजार रुपये पार कर दिया। डिग्गी टूटी देख पीड़ित के होश उड़ गए। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दिया। मामले में पश्चिमशरीरा एसओ योगेश तिवारी की कहना है कि रिपोर्ट लिखकर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।