ट्रैक्टर पलटने से किसान की मौत
नगर कोतवाली क्षेत्र के उमरा मोड़ के समीप शुक्रवार रात हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। नगर कोतवाली इलाके के उमरा मोड़ के समीप शुक्रवार रात ट्रैक्टर पलटने से एक किसान की मौत हो गई। हादसे से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उमरा निवासी राजेश कुमार लोधी (42) पुत्र रामलाल खेती करके परिवार का खर्च चलाता था। कृषि कार्य के लिए उसने एक ट्रैक्टर भी खरीद रखा था। शुक्रवार रात ट्रैक्टर में डीजल डलवाने गया था। लौटते वक्त उमरा मोड़ के समीप सड़क पर बालू का ढेर पड़ा होने की वजह से अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना देख मौकेे पर पहुंचे ग्रामीणों ने एंबुलेंस से घायल किसान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया। वहां ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई।